Tuesday, October 20th, 2026

अचानक युवक को किसान नेता राकेश टिकैत ने जड़ा थप्पड़

नई दिल्ली 
गाजीपुर बार्डर पर किसानों और पुलिस के बीच चल रही रस्साकसी के बीच गुरुवार की रात नौ बजे अचानक खलबली मच गई। भाकियू प्रवक्ता किसान नेता राकेश टिकैत ने अचानक एक युवक को पकड़ा और थप्पड़ मार दिया। अपने समर्थकों और मीडिया से घिरे राकेश टिकैत को कुछ ऐसा दिखा कि वह मंच पर चीखने लगे। उन्होंने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा और उसे थप्पड़ मारते हुए लोगों से पकड़ने को कहा। टिकैत समर्थकों ने युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।  पहले पकड़े गए युवक के बीजेपी का होने की बातें कहीं गईं। जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने खुद को वालंटियर बताया। मीडिया से बात करते हुए राकेश टिकैत को इस युवक की हरकतें संदिग्ध लगीं। राकेश टिकैत ने कहा कि वह हम लोगों के संगठन का नहीं है। वह एक डंडा उठा रहा था। वह मीडिया के साथ दुर्व्यवहार कर रहा था। उन्होंने कहा कि जो लोग यहां गलत इरादे से आए हैं क्या उन्हें छोड़ देना चाहिए? फिलहाल पुलिस की तरफ से युवक के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। पकड़े गए युवक का नाम देवेंद्र प्रताप सिंह बताया जा रहा है। पुलिस युवक से पूछताछ में जुटी है।

इससे पहले दोपहर से ही पुलिस का जमावड़ा गाजीपुर बार्डर पर बढ़ने लगा था। पूरे इलाके को छावनी बना दिया गया था। एक बार लगा कि राकेश टिकैत सरेंडर कर देंगे। पुलिस उनसे बात करने गई तो उन्होंने इनकार कर दिया। एक बार फिर दोहराया कि बिना कानून वापस हुए वह यहां से नहीं जाएंगे। उन्होंने मंच से भाजपा नेताओं के वहां पहुंचने को साजिश करार दिया। कहा कि भाजपा वाले माहौल बिगाड़ने आए हैं। यह लोग किसानों पर हमला करना चाहते हैं। टिकैत ने आत्महत्या तक की बात कह दी। फिलहाल देर रात तक बीच का कोई रास्ता नहीं निकल सका था। 
 

 

#अचानक युवक

Source : Agency

पाठको की राय